आजाद नगर स्थित राजू यादव के घर बदमाशों ने दिनदहाड़े धावा बोल दिया।
लुटेरों ने राजू के पुत्र राजा के हाथ पैर बांधकर एक कमरे में बंधक बना
लिया। इसके बाद घर में रखी नकदी और आभूषण लूट कर ले गए। जिस वक्त घटना को
अंजाम दिया गया था परिवारीजन भतीजी की शादी की तैयारियों के लिए बाजार गए
हुए थे।
लाइनपार क्षेत्र के मोहल्ला आजाद नगर माल गोदाम के सामने राजू
यादव परिवार के साथ निवास करते हैं। जबकि राजू के मकान के ठीक सामने साढ़ू
भी परिवार के साथ रहते हैं। साढू की पुत्री की शादी की तैयारियों के संबंध
में राजू की पत्नी घर पर बेटे राजा (14) को छोड़कर बाजार गई थीं। उनके जाने
के कुछ देर बाद ही तीन से चार बदमाशों ने घर पर धावा बोल दिया। उन्होंने
राजू को दबोच लिया। उसके हाथ पैर बांधकर एक कमरे में डाल दिया।
इसके बाद घर
में रखी अलमारी और संदूक के ताले तोड़कर हजारों की नकदी और सोने चांदी के
आभूषण लूट लिए। जब राजू की पत्नी घर पहुंची तो अंदर का नजारा देखकर उनके
होश उड़ गए। चीखपुकार मचने पर आसपास के लोग पहुंच गए। राजा को कमरे से बाहर
निकाल उसके हाथ पैर खोले गए। दिनदहाड़े हुए लूट की घटना से लोगों में दहशत
फैल गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। शक के आधार पर पुलिस ने एक युवक को
हिरासत में लिया है। सीओ सदर जगदीश सिंह का कहना है कि उनके संज्ञान में
ऐसा कोई मामला नहीं आया। थानाध्यक्ष से बात कर जानकारी की जाएगी। यदि लूट
की घटना हुई है तो बदमाशों को जल्द दबोचा जाएगा।