टूंडला। फिरोजाबाद हाईवे पर हजरतपुर फैक्ट्री के पास रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज गति से आ रहे ऑटो का अचानक टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर आगे चल रही मोपेड से जा टकराया। हादसे में ऑटो चालक उमेश चंद्र (निवासी कटफोरी, सिरसागंज), ऑटो सवार विमलेश (50), पूनम (20), शकुंतला देवी (निवासी खेड़ा, इटावा) और मोपेड सवार गंगाराम (निवासी हिमायूंपुर, फिरोजाबाद) गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए फिरोजाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि हादसा ऑटो का टायर फटने के कारण हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और फिलहाल घायलों का उपचार जारी है। संवाद