विधानसभा चुनाव 2017 में आयोग हाईटेक प्रणाली का प्रयोग करेगा। ईवीएम की फीडिंग का काम अब मोबाइल ट्रैकिंग सिस्टम के तहत होगा। अब न तो ईवीएम को बदला जा सकेगा और न ही किसी बूथ से दूर ले जाया जा सकेगा। ऐसा होते ही बीप बज जाएगा और प्रशासन को तुरंत पता चल जाएगा। दिल्ली में प्रशिक्षित होकर लौटे एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी उदय सिंंह ने यह जानकारी दी।
विधानसभा चुनाव में खामियों से निपटने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने हाईटेक प्रणाली का प्रयोग करने का निर्णय लिया है। पश्चिम बंगाल के नाडिया जिले से ईवीएम की 2450 कंट्रोल यूनिट तथा 2800 बैलेट यूनिट आ गई हैं।
डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश प्रकाश ने शुक्रवार को सभी एसडीएम, नगर मजिस्ट्रेट के साथ ही एनआईसी के स्टाफ के साथ बैठक कर नई प्रणाली के तहत होने वाले कार्य के सम्बंध में चर्चा की।
भारत निर्वाचन आयोग ने उड़ाई अफसरों की नींद
जिले में तीन वर्ष से अधिक समय से तैनात अफसरों की नींद भारत निर्वाचन आयोग ने उड़ा दी। अफसर समय रहते सही स्थान पर स्थानांतरण कराने की जुगत में अभी से जुट गए हैं। सूत्रों की मानें तो जिले में आयोग के इस मानक की परिधि में सीडीओ, डीडीओ, पीडी के साथ थानों में तैनात कई एसओ, शिक्षा विभाग, नगर निकायों के अधिकारी एवं कई एक्सईएन भी आएंगे।
भारत निर्वाचन आयोग के उप आयुक्त उमेश कुमार सिन्हा ने शासन के मुख्य सचिव दीपक सिंघल से कहा है कि तीन वर्ष से अधिक समय से जिले में तैनात अफसरों को स्थानांतरित करें। दीपक सिंघल ने सभी जिलों से ऐसे अफसरों की सूची मांगी है। पिछले चार वर्ष से तैनात परियोजना निदेशक डीआरडीए सर्वेशचंद्र यादव, डीडीओ आरकेराम, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी केसी यादव, एक्सईएन सिंचाई अब्दुल लतीफ, नगर आयुक्त रामौतार रमन व उप नगर आयुक्त प्रमोद कुमार के साथ ही जिले में पुलिस विभाग में तैनात कई एसओ एवं इंस्पेक्टर इसके दायरे में हैं। हालांकि जिले में एडीएम के पद पर लंबे अर्से तक तैनात रहे अनुभवी कर्मेंद्र सिंह का प्रमोशन जिले में ही सीडीओ के पद पर हो गया था। जिले में तैनाती के तीन वर्ष से अधिक समय हो जाने के कारण उनका भी नाम इस दायरे में आ सकता है।
नए मतदाताओं को डीएम ने दिए वोटर कार्ड
फीरोजाबाद। जिलाधिकारी राजेश प्रकाश ने रविवार को ज्ञान सरोवर इंटर कालेज में निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण में सम्मलित हुए 215 नए मतदाताओं को अपने हाथों से मतदाता पहचान पत्र दिए। उन्होंने मतदाताओ में जागरूकता लाने एवं लोकतंत्र में एक वोट का महत्व बताते हुए कहा कि आपके एक-एक वोट से ही सरकारें बनती है। जिन लोगों के वोटर कार्ड नहीं बने हैं वे आगामी एक सितम्बर से विशेष विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत वोट बनवा सकते हैं।
संचालन करते हुए तहसीलदार जीतसिंह राय ने बताया कि 16 अगस्त से शहर के विभिन्न शैक्षिक संस्थानों में मेंहदी प्रतियोगिता, निबंध लेखन, वाद विवाद प्रतियोगिता आदि के द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्कूल के प्रबंधक ज्ञान विकास राजपूत, प्रधानाचार्य पूरनचंद्र वर्मा, लोक कल्याण समिति के सतेंद्र जैन सौली भी मौजूद थे।