शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के धनपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात आशा कार्यकर्ता की शुक्रवार दोपहर माधोगंज रेलवे क्राॅसिंग के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। जानकारी पाकर बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता पोस्टमार्टम घर पर पहुंच गईं और मृतका के आश्रितों के लिए आर्थिक मदद की मांग कर रही थीं। सूचना पर सीओ पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और समझा कर उन्हें शांत किया।नसीरपुर के गांव मुबारकपुर निवासी इंद्रेश देवी (53) सुबह 9 बजे जिला संयुक्त चिकित्सालय स्थित कार्यालय पर आ रही थीं। माधोगंज क्रॉसिंग पर वह रेलवे लाइन पार कर रही थीं। तभी मालगाड़ी की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। बैग में रखे कागजातों से शव की पहचान हुई। घटना की जानकारी होते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दोपहर में काफी संख्या में आशा कार्यकर्ता पोस्टमार्टम घर पर पहुंच गईं। उनका कहना था कि इंद्रेश के दोनों बच्चों की परवरिश के लिए प्रशासन सरकारी आर्थिक मदद दिलाए।
आशा कार्यकर्ताओं के एकत्रित होने की जानकारी पर सीओ शिकोहाबाद प्रवीन तिवारी, शिकोहाबाद थाना प्रभारी प्रदीप कुमार, दक्षिण योगेंद्रपाल सिंह और उत्तर इंस्पेक्टर राजेश कुमार पांडेय मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक समझाने के बाद भी आशा कार्यकर्ता मानने को तैयार नहीं थीं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। सभी ने मिलकर कुछ समय को समय देकर मामला शांत करा दिया
-
पोस्टमार्टम के बाद एक घंटे रखा रहा शव
आशा कार्यकर्ताओं के हंगामे की वजह से इंद्रेश का शव पोस्टमार्टम के बाद एक घंटे तक अंदर रखा रहा। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को संतुष्ट करने के बाद परिजन शव ले गए। मृतका की साथी आशा कार्यकर्ताओं ने सरकारी मदद दिलाने के लिए काफी देर तक पोस्टमार्टम गृह के बाहर हंगामा काटा था। इस दौरान कई थानों के फोर्स के साथ सीओ शिकोहाबाद और स्वास्थ्य विभाग के अफसर डटे रहे थे।
-