फिरोजाबाद। शिक्षाधिकारी और एकेडमिक रिसोर्स पर्सन को स्कूलों का निरीक्षण का लक्ष्य दिया गया लेकिन निरीक्षण के नाम पर सिर्फ औपचारिकताएं हो रही हैं। शिक्षाधिकारी एवं एआरपी शहर से सटे विद्यालयों का निरीक्षण कर रहे हैं। देहात क्षेत्रों में कायाकल्प अटका हुआ है। निरीक्षण की प्रेरणा पोर्टल से पोल खुलने के बाद सीडीओ ने शिक्षाधिकारियों को देहात क्षेत्रों का भी निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
सीडीओ चर्चित गौड़ ने बताया कि जनपद स्तरीय टास्क फोर्स के समस्त सदस्यों को प्रत्येक माह पांच विद्यालयों का निरीक्षण अनिवार्य रूप से किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रेरणा पोर्टल के अनुसार माह दिसंबर 2020 में जिला टॉस्क फोर्स के सदस्यों द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष 65 प्रतिशत, ब्लाक टास्क फोर्स के सदस्यों द्वारा 40 फीसदी, एबीएसए द्वारा 49 फीसदी ही निरीक्षण किए गए हैं। प्रेरणा पोर्टल पर निरीक्षण आख्या के अनुसार मुख्य मार्ग, विकास खंड मुख्यालय के नजदीक या शहर के नजदीक स्कूलों का ही नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। जबकि देहात क्षेत्रों में निरीक्षण करने के लिए नहीं जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि निरीक्षण अधिकारियों द्वारा सर्वप्रथम सुदूर क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों का निरीक्षण करने के बाद ही शहरी क्षेत्रों के आसपास विद्यालयाें का निरीक्षण किया जाए।
शिक्षकों को साथ लेकर कर रहे निरीक्षण
नारखी ब्लाक, एका ब्लाक में खंड शिक्षाधिकार ब्लाक के शिक्षकों को साथ लेकर निरीक्षण कर रहे हैं। शिक्षकों को ड्राइवर के रूप में उपयोग किया जा रहा है। कुछ शिक्षक विरोध भी कर रहे हैं। शिक्षकों को साथ लेकर निरीक्षण न किया जाए। हम संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को नोटिस जारी करेंगे।
अवध किशोर, एडी बेसिक