मक्खनपुर। क्षेत्र में जनऔषधि केंद्र की आड़ में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक से दवा लेने पर एक मरीज की मौत हो गई। मृतक की पत्नी की शिकायत पर सीएमओ कार्यालय की टीम ने छापा मारा। मौके पर मरीजों का उपचार किया जा रहा था। टीम ने क्लीनिक संचालक को नोटिस जारी किया है।
ग्राम साढूपुर निवासी माला ने शिकायती पत्र में बताया कि वह अपने पति विमलेश कुमार को दवा दिलाने के लिए 9 दिसंबर 2025 की शाम करीब पांच बजे जेवड़ा गांव स्थित एक क्लीनिक पर ले गई थीं। आरोप है कि क्लीनिक संचालक नवनीत यादव ने मरीज को दवा दी, जिसे खाते ही उसकी तबीयत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर परिजन दोबारा डॉक्टर के पास पहुंचे, लेकिन आरोप है कि दोबारा दी गई दवा से भी कोई राहत नहीं मिली और हालत और बिगड़ती चली गई। जब परिजन ने विरोध किया तो क्लीनिक संचालक ने अभद्रता करते हुए उन्हें वहां से भगा दिया। इसके बाद परिजन मरीज को 10 दिसंबर की सुबह सरकारी अस्पताल फिरोजाबाद लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में दवा के गलत असर की आशंका जताई। यहां पांच दिन तक इलाज चलने के बाद हालत में सुधार न होने पर 15 दिसंबर को मरीज को आगरा के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान 16 दिसंबर को मरीज की मौत हो गई।
मामले की जानकारी मिलने पर एसीएमओ डॉ. केके वर्मा ने मंगलवार को संबंधित क्लीनिक का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि जनऔषधि केंद्र की आड़ में अवैध रूप से क्लीनिक संचालित किया जा रहा था। एसीएमओ ने क्लीनिक संचालक को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब न मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।