फिरोजाबाद। श्री 1008 महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव इस बार 11 दिवसीय होगा। कार्यक्रमों की श्रंखला की शुरूआत आज से प्रारंभ हो जाएगी। 11 अक्तूबर को नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। 13 अक्तूबर को शहर के तिलक इंटर कालेज मैदान में कन्हैया मित्तल के भजन होंगे। महोत्सव समिति के द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर दी गई है।
जयंती संयोजक नमन बंसल एवं मीडिया प्रभारी अनुग्रह गोपाल अग्रवाल ने बताया कि अग्रसेन धाम समिति द्वारा अग्रसेन धाम प्रांगण में 11 बजे फूल बंगला,प्रसादी का वितरण होगा। अग्रवाल महिला सम्मेलन माधवी शाखा द्वारा अग्रसेन स्कूल में दंत परीक्षण कैंप एवं रंगोली प्रतियोगिता होगी। सात अक्तूबर को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन द्वारा गांधी पार्क स्थित गोशाला में गोमाता को 56 भोग लगाने के साथ न्यू जीनियस ग्रुप द्वारा अग्रसेन स्कूल में नाक कान गला परीक्षण कैंप,शाम चार बजे फैब एन क्लासी ग्रुप द्वारा मॉम एंड किड्स मास्टर सेफ का आयोजन होगा।
आठ अक्तूबर को 11 बजे अग्रवाल महिला सम्मेलन द्वारा प्राइवेट ट्रामा सेंटर में रक्तदान कैंप लगाया जाएगा। शाम पांच बजे जयंती महोत्सव समिति द्वारा अग्रवाल धर्मशाला नंबर एक से चेतना बाइक रैली निकाली जाएगी। नौ अक्तूबर को महिला संगठन द्वारा अग्रसेन स्कूल में शाम चार बजे मेंहदी,रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन एवं 1008 दीपकों से दीप मालिका सजाई जाएगी। अग्रोहा विकास समिति मुख्य शाखा द्वारा अग्रसेन स्कूल में शाम 6.30 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का मंचीय आयोजन होगा। दस अक्तूबर को दोपहर 2 बजे अग्रवाल धर्मशाला में सुंदरकांड एवं शाम 6 बजे अग्रोहा विकास समिति द्वारा अग्रसेन चौक पर दीप मालिका एवं महाआरती का आयोजन होगा।
11 अक्तूबर को भारत विकास परिषद अरुणोदय शाखा द्वारा अग्रसेन चौक पर दुग्धाभिषेक होगा। अग्रसेन स्कूल पर हवन पूजन के बाद ध्वजारोहण होगा। शाम छह बजे नगर मे दो दर्जन झांकियों के साथ भव्य रथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। 12 अक्तूबर को न्यू जीनियस ग्रुप द्वारा अग्रसेन स्कूल में दस बजे वृक्षारोपण,13 अक्तूबर को शाम को तिलक इंटर कालेज प्रांगण में श्याम भजन गायक कन्हैया मित्तल नाइट कार्यक्रम होगा। 14 अक्तूबर को सुबह दस बजे भारत विकास परिषद प्रधान शाखा द्वारा मां राजराजेश्वरी मां कैला देवी मंदिर पर मैया का चुनरी मनोरथ कार्यक्रम होगा। 15 अक्तूबर को शाम छह बजे होटल गर्ग में पुरस्कार वितरण-सम्मान समारोह होगा। 16 अक्तूबर को दोपहर 11 बजे भारतीय सांस्कृतिक विकास समिति द्वारा अपना घर पर प्रभु की सेवा होगी।