हमसफर एक्सप्रेस में नई दिल्ली से प्रयागराज जा रही एक महिला से शनिवार देर रात छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। मामले में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने जमीर नगर, थाना करेली (प्रयागराज) निवासी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के पूर्व छात्र और आईआईटी दिल्ली के वरिष्ठ शोधार्थी डॉ. अबू दरदा को गिरफ्तार किया है। घटना टूंडला स्टेशन के आसपास की होने के कारण प्रयागराज जीआरपी थाने में शून्य (जीरो) प्राथमिकी दर्ज कर मामले को टूंडला जीआरपी को स्थानांतरित किया गया है।
जीआरपी के अनुसार, मध्य प्रदेश के जिला सीधी की रहने वाली एक महिला अपने पति (सीआरपीएफ कर्मी) के साथ हमसफर एक्सप्रेस में नई दिल्ली से प्रयागराज जा रही थीं। शनिवार देर रात करीब एक बजे जब ट्रेन टूंडला रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रही थी, तभी बगल वाली सीट पर सफर कर रहे सहयात्री ने महिला के साथ छेड़छाड़ कर दी। महिला की चीख सुनकर पति और कोच में मौजूद अन्य यात्री जाग गए।
पति ने आरोपी को दबोच लिया और सहयात्रियों के सहयोग से उसे पीटकर सुरक्षा स्क्वॉड के हवाले कर दिया। टूंडला जीआरपी के थाना प्रभारी मंधीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी डॉ. अबू दरदा आईआईटी दिल्ली का शोधार्थी है और पूर्व में एएमयू का छात्र रह चुका है। महिला की तहरीर पर शुरुआती प्राथमिकी प्रयागराज जीआरपी में दर्ज की गई थी, जिसे अब क्षेत्राधिकार के तहत टूंडला जीआरपी स्थानांतरित किया गया है। जीआरपी प्रभारी के मुताबिक, पुलिस टीम आरोपी को अपनी अभिरक्षा में लेकर प्रयागराज से टूंडला ला रही है। थाने में पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।