घायल युवक का ट्रामा सेंटर में होता उपचार, जानकारी जुटाती पुलिस। संवाद
- फोटो : घायल युवक का ट्रामा सेंटर में होता उपचार, जानकारी जुटाती पुलिस। संवाद
फिरोजाबाद। फैक्टरी में सफाई के समय गिरने से घायल युवक सोमवार को मेडिकल कॉलेज में पट्टी कराने पहुंचा तो वहां विवाद हो गया। युवक ने ऑर्थो विभाग के कमरा नंबर छह में चिकित्सक और स्टाफ पर गाली-गलौज करने और जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को ट्रॉमा सेंटर ले गई। पीड़ित ने पुलिस से घटना की सीसीटीवी फुटेज चेक कराने की मांग की है।
थाना रसूलपुर क्षेत्र के शीतल खां निवासी अकील खां (24) एक फैक्टरी में सफाई के दौरान गिरकर घायल हो गया था। सोमवार को वह पट्टी कराने के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचा। आरोप है कि ऑर्थो विभाग के कमरा नंबर छह में उसने स्टाफ से पट्टी करने के लिए कहा। इस पर स्टाफ ने पहले पर्चा बनवाने के लिए कहा। युवक का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ गाली-गलौज की गई। अकील ने गाली-गलौज का विरोध किया तो कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद चिकित्सक और स्टाफ ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। मारपीट में उसके पेट, घुटने समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। किसी तरह वहां से बाहर निकलकर उसने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर ले गई। यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। पीड़ित पुलिसकर्मियों से लगातार घटना की सीसीटीवी फुटेज चेक कराने की मांग करता रहा।
मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई है। पुलिस चाहे तो सीसीटीवी चेक कर सकती है। इस मामले में मेरे पास कोई लिखित शिकायत भी नहीं आई है।
- डॉ. नवीन जैन, सीएमएस