इलाहाबाद बैंक, एसआरके पर हंगामा, जाम, पथराव
- फोटो : अमर उजाला ब्यूराे
कैश की किल्लत के कारण शनिवार को आक्रोशित लोगों ने इलाहाबाद बैंक के बाहर तीन घंटे से अधिक देर तक जाम लगाया। बैंक कर्मियों ने शटर बंद कर लिया तो भीड़ ने पथराव किया। घंटों बाद भी फोर्स के नहीं पहुंचा। बाद में, मुख्य शाखा प्रबंधक ने पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। बैंक ऑफ बड़ौदा, ओबीसी गणेश नगर एवं केनरा बैंक जरौली में भी हंगामा हुआ।
जिले की बैंकों को जरूरत के अनुरूप कैश नहीं मिला है। ऐसे में न तो खाताधारकों को पर्याप्त भुगतान किया जा रहा है और न ही एटीएम लोड हो सके हैं। ऐसे में लोग हंगामा कर रहे हैं। कैश नहीं होने के कारण इलाहाबाद बैंक एसआरके कालेज में बैंक खोलने के साथ ही शटर बंद कर दिया गया। ऐसे में तड़के छह बजे से कतार में लगी महिलाओं काी धैर्य जवाब दे गया। महिलाओं, पुरुषों ने बैंक के बाहर जाम लगा दिया। तिलकनगर निवासी मंजू देवी ने कहा तीन दिनों से बैंक में आती हूं लेकिन पैसा नहीं मिला। दम्मामल नगर निवासी रवि यादव ने कहा बैंक स्टाफ मनमानी करने में लगा है। धर्मेंद्र गुप्ता कहते हैं बैंक स्टाफ को पैसा प्रत्येक नागरिक को देना चाहिए। तीन घंटे तक जाम और पथराव होने के बाद इलाहाबाद बैंक के मुख्य प्रबंधक विजेंद्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ शाखा पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ को समझाकर शाखा को खुलवाया। इसके बाद दोपहर एक बजे बैंक में काम प्रारंभ हो सका। शाखा प्रबंधक गौरव राजपूत ने कहा भीड़ के पथराव किए जाने के कारण काफी हंगामा किया। सदर बाजार स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा पर भी लोगों ने हंगामा कया। गार्ड एवं बैंक स्टाफ ने भीड़ को समझाकर शांत कराया।