हंगामा करते एआईएमआईएम के प्रत्याशी गोल्डी राठौर के समर्थक
- फोटो : अमर उजाला
वाहन चेकिंग के दौरान रसूलपुर थाना पुलिस द्वारा एक कार से एआईएमआईएम के प्रत्याशी की चुनावी सामग्री बरामद करने पर मामले ने तूल पकड़ लिया। प्रचार सामग्री पकड़े जाने की सूचना पर प्रत्याशी अपने समर्थकों के संग थाने पहुंचे। हंगामा करने के साथ ही वीडियोग्राफी करने लगे। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। लेकिन समर्थक नहीं माने और पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता की।
एसएसआई रसूलपुर शिवभान सिंह राजावत थाने के सामने हाईवे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच आसफाबाद की तरफ से आ रही एक कार को उन्होंने रोक लिया। तलाशी के दौरान कार के अंदर से एआईएमआईएम के प्रत्याशी गोल्डी राठौर की चुनाव सामग्री रखी हुई थी। कार चालक और कार में बैठे लोगों से पुलिस ने चुनाव सामग्री का बिल मांगा। लेकिन वह दिखा नहीं सके। उन्होंने कार में बैठे लोगों से थाने चलने के लिए कहा।
पुलिस पर कार चालक और समर्थकों के साथ अभद्रता करने का आरोप
तभी कार चालक ने सिपाही से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए प्रत्याशी गोल्डी राठौर को फोन कर दिया। कुछ ही देर में गोल्डी राठौर समर्थकों के साथ रसूलपुर थाने पहुंच गए। पुलिस पर कार चालक और समर्थकों के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरु कर दिया। इस बीच काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। थाने में हंगामें की सूचना पर सीओ सिटी हरिमोहन सिंह, कोतवाल उत्तर संजीव कुमार दुबे और कोतवाल दक्षिण रामेंद्र शुक्ला भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस बल को देख गोल्डी राठौर और उनके समर्थक थाने की हवालात में घुसकर जमीन पर बैठ गए। पुलिस ने समझाकर उन्हें बाहर निकाला और मामले की जानकारी की। गोल्डी राठौर ने पुलिसकर्मी देवेंद्र कुमार पर अभद्रता करने का आरोप भी लगाया।
सुरक्षा की दृष्टि से पीएसी तैनात
हंगामे के बाद थाने की सुरक्षा के लिए पीएसी को तैनात कर दिया गया है। जिससे चेकिंग के दौरान पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई के दौरान लोग हंगामा न करें।
हम प्रचार कर कार द्वारा वापस जा रहे थे। तभी पुलिस ने चेकिंग के लिए कार को रोका। जिसके अंदर से चुनाव सामग्री रखी थी। पुलिस द्वारा बिल मांगा गया। हम बिल दिखाने की बात कह रहे थे। पुलिस ने अभद्रता कर दी। उन्होंने जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। गोल्डी राठौर प्रत्याशी एआईएमआईएम
गोल्डी राठौर ने अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ अभद्रता किए जाने की तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कार के अंदर से जो चुनाव सामग्री बरामद की गई है। उसकी जांच कराकर चुनाव के खर्च में जोड़ा जाएगा। हरिमोहन सिंह सीओ सिटी