नंदपुर इंटेक प्लांट तक नहीं पहुंचा पानी।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। रबी की फसल की सिंचाई के लिए जिले के पांच ब्लाकों के किसानों को एक दिसंबर से पानी मिलना शुरु हो जाएगा। सिंचाई विभाग ने पांच ब्लाकों के 16 रजबहों की सफाई का कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूरा कर लिया है। एक दिसंबर से इन रजबहों में पानी छोड़ दिया जाएगा। फसलों की सिंचाई के लिए किसानों को भरपूर पानी देने के लिए अक्टूबर माह से सिंचाई विभाग ने नहरों के साथ रजबहों की सफाई के लिए अभियान चलाया था। इस अभियान के तहत सिंचाई विभाग द्वारा जिले के 44 रजबहों को साफ कराया जाना था। 44 रजबहों में से सिंचाई विभाग द्वारा फिरोजाबाद, नारखी, हाथवंत, टूंडला, एका ब्लाक के करीब 16 रजबहों की सफाई का कार्य 95 फीसदी पूरा करा दिया गया है। स्थानीय सिंचाई विभाग ने तैयारियों को पूरा कर लिया है। जिससे पानी छोड़े जाने पर कहीं पर रजबहा कटने की सूचना पर तत्काल टीम को भेजकर उसे ठीक किया जा सके।
इन रजबहों में छोड़ा जाएगा पानी
नागऊ, पिलख्तर, बोर्रा, आंतीपुर, बछगांव, कताना, भदाना, रजावली, सुराहा, सुनारी, सुनाव, नारखी और कोटला रजबहा में एक दिसंबर से पानी छोड़ा जाएगा।
भोगनीपुर नहर से जुड़े रजबहों में 25 दिसंबर से मिलेगा पानी
सिंचाई विभाग के अधिकारियों की माने तो भोगनीपुर नहर से जुड़े रजबहों के किसानों को 25 दिसंबर से पानी मिलना शुरु हो जाएगा। क्योंकि भोगनीपुर नहर की सफाई का कार्य अभी चल रहा है।
फिरोजाबाद, नारखी, हाथवंत, टूंडला, एका ब्लाक के 16 रजबहों में एक दिसंबर से पानी छोड़ दिया जाएगा। इन रजबहों की सफाई का कार्य लगभग 95 फीसदी पूरा हो चुका है। - जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग।