टूंडला के नगला बीच में टूंडला-एटारोड पर जाम लगाते भाकियू भानु के पदाधिकारी व किसान।
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। हाथरस माइनर में पानी और किसान बिल में संशोधन की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को भारतीय किसान यूनियन भानु ने अनिश्चितकालीन आंदोलन करते हुए टूंडला-एटा मार्ग को जाम कर दिया। हालत ये रहा कि सुबह से लेकर शाम तक एटा रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। आंदोलन को देखते हुए सर्किल के सभी थानों की फोर्स के अलावा पीएसी को बुलाना पड़ा। लिखित में मांगों को माने जाने की बात को लेकर देर शाम तक अधिकारियों और यूनियन के पदाधिकारियों के बीच खींचतान बनी रही।
भारतीय किसान यूनियन भानु ने पूर्व में ही हाथरस माइनर में पानी छोड़े जाने और किसान बिल संशोधन किए जाने को लेकर आंदोलन करने की चेतावनी दी थी। तय समय तक हाथरस माइनर में पानी नहीं छोड़ा गया, जिससे किसानों का आक्रोश बढ़ता गया तथा बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे भाकियू भानु के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों पदाधिकारियों के साथ किसान रजावली पर एकत्र हो गए।
किसानों ने वहां से नगला बीच स्थित माइनर की ओर कूंच कर दिया। टूंडला-एटा रोड को जाम करते हुए अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, सीओ देवेंद्र कुमार, तहसीलदार डॉ. गजेंद्र पाल सिंह ने आंदोलन को समाप्त करने के लिए भानु के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह से कई बार वार्ता की लेकिन बात नहीं बनी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब तक माइनर में पानी नहीं आएगा उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसान बिल में संशोधन किया जाए। देर शाम तक अधिकारियों और भानु के पदाधिकारियों बीच वार्ता जारी रही। इस दौरान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार सिंह, प्रदेश अध्यक्ष ठा. योगेश प्रताप सिंह, प्रदेश महासचिव सुनील सिंह, प्रदेश सचिव सुरेश भाटिया, ओमवीर यादव, राष्ट्रीय सचिव जीतू सोलंकी, संगठन मंत्री अजय राठौर आदि मौजूद रहे।