जसराना तहसील में प्रदर्शन करते अधिवक्ता।
- फोटो : FIROZABAD
जसराना। बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं की एक बैठक अध्यक्ष ओंकार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें अधिवक्ताओं ने जसराना तहसील में चल रहे वादों को अन्य तहसीलों के लिए स्थानांतरण किए जाने पर रोष व्यक्त किया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। एसोसिएशन अध्यक्ष के साथ अधिवक्ता डीएम से मिलने भी पहुंचे।
तहसील के बार हॉल में हुई बैठक में अधिवक्ताओं ने नायब तहसीलदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके स्थानान्तरण की मांग की। अधिवक्ताओं ने कहा एसडीएम ने जसराना तहसील में चल रहे 600 से अधिक वादों को जसराना से शिकोहाबाद, टूंडला, सिरसागंज एवं फिरोजाबाद तहसीलों में भेज दिया है। जसराना से वादों को अन्य तहसीलों में भेजने पर वादकारियों को परेशानी होने के साथ उनका आर्थिक नुकसान होगा। आम लोगों को सस्ता एवं सुलभ न्याय नहीं मिल सकेगा। प्रदर्शन करने वालों में ओंकार सिंह यादव, भुवनेश कुमार, अजब सिंह, सत्यपाल सिंह, मुन्नेश कुमार, अवधेश कुलश्रेष्ठ, प्रदीप कटारा, संतोष कुमार शर्मा, संजय कुमार, अरुण कुमार, कृपाल सिंह, नंदकिशोर आदि अधिवक्ता शामिल रहे।
अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष ओंकार सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी से भी मिला। जिलाधिकारी से नायब तहसीलदार का स्थानांतरण करने की मांग करने के साथ क्षेत्रीय वादों की फाइलों को दोबारा जसराना तहसील लाए जाने की मांग की गई। अधिवक्ताओं ने कहा कि मांगों को लेकर 19 फरवरी तक न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। प्रतिनिधि मंडल में भुवनेश कुमार, कृपाल सिंह, बलबीर सिंह, राकेश कुमार, मुन्नेश कुमार आदि अधिवक्ता शामिल रहे।