जसराना की बैंक ऑफ आर्यावर्त में आधार कार्ड में संशोधन कराने पहुंची छात्राएं
- फोटो : FIROZABAD
जसराना(फिरोजाबाद)। छात्रवृत्ति के आवेदन करना है तो आधार कार्ड में मोबाइल नंबर फीड होना जरूरी है। साथ ही आधार कार्ड और कॉलेज के अभिलेखों में दर्ज नाम, पता, जन्मतिथि आदि समान होने चाहिए। यदि थोड़ा भी अंतर पाया गया तो फार्म नहीं भरा जाएगा। ऐसे में आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों की भीड़ उमड़ रही है। जसराना की बैंक ऑफ आर्यावर्त में एक दिन में महज 20-25 लोगों के संशोधन हो पा रहे हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा छात्रवृत्ति फार्म भरने के लिए आधार कार्ड की अनिवार्यता के लिए कई शर्तें लागू कर दी हैं। मंगलवार को जसराना के बैंक ऑफ आर्यावर्त में बने आधार केंद्र पर भीड़ उमड़ पडी। इससे बैंक प्रबंधन के हाथ-पैर फूल गए। एलआर डिग्री कॉलेज की बीए की छात्रा दिव्या गुप्ता, बाबा देवहंस कॉलेज के बीएससी के छात्र कवि यादव, बीएससी फाइनल की छात्रा गौरी चौहान, छात्र मनोज कुमार, आकाश, विकास आदि आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए आए। उन्होंने कहा, अगर संशोधन नहीं हुआ तो छात्रवृत्ति से वंचित रह जाएंगे।