फिरोजाबाद। कांच चूड़ी इकाइयों में निर्बाध उत्पादन प्रक्रिया के मद्देनजर बृहस्पतिवार को सहायक श्रमायुक्त कार्यालय में त्रिपक्षीय वार्ता हुई। त्रिपक्षीय वार्ता के दौरान ओवर टाइम काम चलाने वाले छह कारखानों पर समुचित कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठा।
बृहस्पतिवार को नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में सेवायोजकों व कांच श्रमिक संगठनों के मध्य त्रिपक्षीय वार्ता हुई। त्रिपक्षीय वार्ता के दौरान शहर की कांच चूड़ी इकाईयों में निर्बाध व शांति पूर्ण उत्पादन प्रक्रिया पर बल दिया गया। ग्लास सिंडीकेट के पदाधिकारियों की मौजूदगी में आठ घंटे से ज्यादा काम चलाने वाली कांच चूड़ी इकाईयों का मुद्दा उठा। श्रमिक संगठन पदाधिकारियों की मांग पर ओवर टाइम काम चलाने वाली छह इकाइयों के विरुद्ध निरीक्षण की कार्रवाई के अनुमोदन को बोर्ड को पत्र भेजा जाएगा। बैठक में कांच चूड़ी इकाईयों में कार्यरत श्रमिकों को ईएसआई योजना से जोड़ने के लिए अभियान चलाने पर सहमति बनी। नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता वाली बैठक में ग्लास सिंडीकेट के हनुमान प्रसाद गर्ग, कॉपरेटिव सोसायटी के बिन्नी मित्तल और श्रमिक पक्ष के नवल सिंह,राधा देवी आदि मौजूद रहे।