फिरोजाबाद। ग्राम पंचायत एवं परिषदीय स्कूलों में दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए शौचालय निर्माण में लापरवाही पर डीपीआरओ ने सभी नौ ब्लाकों के एडीओ पंचायत को आरोप पत्र जारी किए हैं। सभी को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब प्रस्तुत करने अन्यथा और सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिले के सभी 122 पंचायत सचिवों का वेतन भी अग्रिम आदेशों तक रोका गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज कुमार सिन्हा को ग्राम विकास कार्यों में धीमी गति, खराब पेयजल परियोजनाओं को दुरुस्त नहीं कराने, ग्राम विकास योजना तैयार करने में शिथिलता एवं दिव्यांग शौचालय निर्माण में लापरवाही मिली है। डीपीआरओ ने बताया कि जिले के विभिन्न ब्लाकों में तैनात सभी 122 पंचायत सचिवों का माह नवंबर का वेतन रोकने के आदेश जारी किए हैं। इन कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बाद ही संबंधित का वेतन भुगतान संबंधी कार्रवाई जाएगी।
जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने पिछले दिनों शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान जिले में दिव्यांग शौचालय निर्माण के निर्धारित 208 शौचालयों की प्रगति शून्य मिली। डीपीआरओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए फिरोजाबाद में तैनात एडीओ पंचायत राकेश बाबू, शिकोहाबाद में तैनात सुनील कुमार, नारखी में तैनात राकेश सिंह, जसराना में तैनात अरूण सिंह, टूंडला में तैनात लक्ष्मण सिंह, अरांव में तैनात निर्मल कुमार, एका में तैनात विनय श्रीवास्तव एवं हाथवंत में तैनात करन सिंह को आरोप पत्र जारी किए हैं। डीपीआरओ सभी को एक सप्ताह में मय साक्ष्य स्पष्टीकरण देने अन्यथा कड़ी कार्रवाई की चेतावनी जारी की है।
कंप्यूटर ऑपरेटर मुख्यालय पर तलब
वर्ष 2020-21 के लिए तैयार की गई ग्राम विकास संबंधी कार्य योजना को शासन की साइट पर अपलोड नहीं कराने व अन्य कार्यों की धीमी गति पर डीपीआरओ ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत विभिन्न ब्लाकों में तैनात सभी कम्प्यूटर ऑपरेटरों को 29 व 30 नवंबर को जिला मुख्यालय विकास भवन पर तलब किया है। सभी को दो दिन मुख्यालय पर रहकर लंबित कार्य निपटाने होंगे।