फिरोजाबाद। चहेते किसानों एवं परिचितों को मनमाने तरीके से यूरिया खाद की बिक्री करने वाले 17 उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस जिला के कृषि विभाग ने निलंबित कर दिए। सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब दाखिल करने को कहा गया है अन्यथा की स्थिति में कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उर्वरक विक्रेताओं ने पीओएस से बिक्री का अंकन भी डिलीट करने की कोशिश की।
प्रदेश सरकार ने विगत माह यूरिया की किल्लत की सूचना मिलने पर सभी जिलों में उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों पर जांच कर यूरिया बिक्री रजिस्टर, स्टॉक की जांच के निर्देश दिए थे। उप निदेशक कृषि आगरा मंडल टीपी चौधरी ने दो दिन जिले में डेरा डालकर जांच की थी। इस दौरान जिले के फिरोजाबाद, टूंडला, सिरसागंज, शिकोहाबाद एवं जसराना तहसील क्षेत्रों में संचालित खाद-बीज की दुकानों पर छापा माराकर जांच की गई थी। जांच में 17 उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों पर यूरिया खाद बिक्री के लिए निर्धारित नियमों की अनदेखी एवं विक्रेताओं की मनमानी सामने आई है। इन विक्रेताओं ने एक-एक किसान को 150-150 यूरिया बैग बेच दिए। पीओएस से बिक्री विवरण का अंकन भी डिलीट करने का प्रयास किया गया। जांच के बाद 17 उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। जिला कृषि अधिकारी रविकांत ने सभी संबंधितों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। सात दिन में जवाब नहीं देने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
इन पर हुई निलंबन की कार्रवाई
इफको ई-बाजार माधौगंज शिकोहाबाद, इफको ई-बाजार नगला बंदा, जसराना खास, ईएफएफडीसी कृषक सेवा केंद्र माधौगंज, निजामपुर, बिदरखा एवं जसराना केंद्र, किसान एग्री जंक्शन कंथरी, हाथवंत एवं फरिहा केंद्र, निजी क्षेत्र के गौतम खाद भंडार बछगांव, देवराहा कृषक सेवा केंद्र सिरसागंज, यादव खाद भंडार नगला छित्तर जसराना, श्रीराम ट्रेडर्स हाथवंत,न्यू कृष्णा खाद भंडार, सिंह खाद भंडार बछगांव, सैनिक कृषि सेवा केंद्र मटामई, भूपेद्र-मारकंडेय सिंह खाद भंडार मुस्तफाबाद, कृषक भारती सेवा केंद्र जसराना, साधन सहकारी समिति सुरैया एका आदि।