फिरोजाबाद। अब सुहागनगरी की सड़कों पर 15 साल पुरानी गाड़ियां नहीं चलेंगी। इन गाड़ियों के पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई परिवहन विभाग विभाग करेगा। इन वाहनों की संख्या 26 हजार सात सौ से अधिक है। यह गाड़ियां या तो जिले की सीमा से बाहर जाएगी या फिर विभाग इनको जब्त कर लेगा।
विभागीय अधिकारियों की मानें तो सुहागनगरी में 26 हजार 700 ऐसी गाड़ियां है जो 15 साल पुरानी हैं। इन गाड़ियों की न तो गाड़ी मालिकों द्वारा एनओसी ली जा रही है और न ही अन्य कार्रवाई। यह गाड़ियां आज भी सुहागनगरी में धड़ल्ले से दौड़ रही है। इसके जहां ध्वनि प्रदूषण के साथ वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। साथ ही हादसा होने का डर भी बना रहता है।
फिरोजाबाद क्षेत्र ताज संरक्षित जोन में होने के कारण ऐसी गाड़ियों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा हुआ है। जिन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है उनमें कार और दो पहिया वाहन शामिल हैं। गाड़ी मालिक विभाग से एनओसी लेकर अपनी गाड़ी टीटीजेड क्षेत्र से बाहर ले जाएं। या फिर पंजीकरण निरस्त करानेे के बाद गाड़ी को खत्म कर दें। यदि इस तरह की कोई भी गाड़ी पकड़ी जाती है तो उसको विभाग द्वारा जब्त कर लिया जाएगा।
एआरटीओ प्रशासन प्रदीप कुमार ने कहा कि वाहन मालिकों को अभी नोटिस भेजे जा रहे हैं। जिनके वाहन 15 साल पुराने हैं वह अपना पंजीकरण निरस्त करा लें अथवा एनओसी लेकर गाड़ी को जिले के बाहर कर दें। यदि ऐसा वाहन पकड़ा जाता है तो उसको जब्त करने के साथ ही गाड़ी मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।