फिरोजाबाद। लेनदेन के विवाद में दबंगई दिखाने पर ओझा नगर के सजायाफ्ता युवक की हत्या लाइसेंसी रिवाल्वर से गोलियां मार कर की गई थी। आरोपी दोस्त को थाना रामगढ़ पुलिस ने सोमवार देर शाम हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं नगर विधायक ने सोमवार सुबह पीड़ित परिवार के घर जाकर ढांढस बंधाया।
उत्तर क्षेत्र के ओझा नगर निवासी सतेंद्र कुमार (30) को उसके मोहल्ले का दोस्त लोकेश कुमार उर्फ रानू शनिवार दोपहर घर से बुलाकर ले गया था। रविवार सुबह सात बजे हिम्मतपुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर रानू का शव मिला था। उसके सिर और सीने में गोली मारी गई थी। रानू की बहन ने आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी लिखवाई गई थी। उसकी तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं।
वहीं लोगों का कहना है कि रानू शनिवार रात को शराब पीने के बाद वह दबंगई दिखाने लगा। इस कारण उसने लाइसेंसी रिवाल्वर से उसकी गोली मार कर हत्या कर दी। थाना रामगढ़ प्रभारी संजीव कुमार दुबे ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ चल रही है। इधर नगर विधायक मनीष असीजा ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मोबाइल पर बात कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए।