फिरोजाबाद के जसराना में डाकघर पाढ़म में एक करोड़ से अधिक रुपये के गबन के आरोपी उप डाकपाल को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार करके कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा है। उसे मई 2025 में निलंबित कर दिया गया था। विभाग की जांच में मामला सही पाए जाने पर थाना जसराना में शनिवार रात को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
डाक निरीक्षक अभयपाल सिंह निवासी आवास विकास कॉलोनी सेक्टर 2 पानी की टंकी के पास शिकोहाबाद ने जसराना के पाढ़म में मौजूद डाकघर में तैनात तत्कालीन उपडाकपाल अवधेश सिंह निवासी बंसीगोरा मैनपुरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। दर्ज प्राथमिकी में डाक निरीक्षक ने कहा कि तत्कालीन उप डाकपाल ने डाकघर का 1,11,85000 रुपये का गबन किया है। थाना प्रभारी राजेश कुमार पांडेय ने बताया आरोपी अवधेश सिंह को रविवार को पाढ़म बस अड्डे से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।
मामला सामने पर किया गया था निलंबित
अवधेश सिंह काफी समय तक पाढ़म डाकघर में तैनात रहा। टूंडला डाकघर में गबन के मामले का खुलासा करने पर विभाग द्वारा पूरे डिवीजन में प्रत्येक डाकघर की जांच कराई गई थी। जांच के दौरान पाढ़म डाकघर में 1,11,85000 रुपये के गबन का मामला सामने आने पर विभाग में खलबली में मच गई थी। तत्कालीन उप डाकपाल अवधेश सिंह को मई 2025 में निलंबित कर जांच कराई गई तो मालूम हुआ कि उपडाकपाल ने ग्राहकों से लिए पैसे को उनके खाते में तो जमा कर दिया लेकिन पैसे को सरकारी कोष में जमा नहीं कराया। पूरे गबन का मामला 30 दिसंबर 2020 से अप्रैल 2022 के बीच किया गया है। निलंबन के बाद तत्कालीन उपडाकपाल को मुख्य कार्यालय मैनपुरी से संबद्ध किया गया था।
तत्कालीन उपडाकपाल ने एक करोड़ ग्यारह लाख 85 हजार सरकारी धन का गबन किया है। मामले का खुलासा होने पर उसे निलंबित कर दिया गया था। अब उस पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
-सुशील कुमार शुक्ला, अधीक्षक डाक विभाग मैनपुरी