बरसात एवं ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के नुकसान का आंकलन करने के लिए लेखपालों के द्वारा गांव-गांव दौड़ लगाई जा रही है। खेतों की पगडंडियों पर जाकर किसानों से वार्ता कर वास्तविक क्षति का आंकलन किया जा रहा है।
डीएम विजय किरन आनंद के निर्देश पर रविवार को बरसात एवं ओलावृष्टि से प्रभावित हुई फसलों के आंकलन के लिए सभी लेखपालों को गांव-गांव जाकर सर्वे करने के निर्देश दिए गए। सदर तहसील के अंतर्गत करीब दर्जन से अधिक लेखपाल अपने-अपने क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का आंकलन करने के लिए दिनभर दौड़ते रहे। लेखपालों द्वारा किए जा रहे सर्वे पर नजर रखने के लिए तहसीलदार, नायाब तहसीलदार भी गांव-गांव दौड़े। नायाब तहसीलदार एन.राम ने गांव बालचंद्रपुर, खंजापुर, आनंदीपुर, पिलुआ गांव में पहुंच कर लेखपालों द्वारा किए जा रहे सर्वे को देखा। नायाब तहसीलदार ने बताया है कि बरसात एवं ओलावृष्टि से किसानों के हुए नुकसान का पूरा सर्वे कराया जा रहा है। नुकसान का आंकलन कर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।