जसराना- हादसे के बाद मौके पर लगी लोगों की भीड़ एवं पहुंची पुलिस
- फोटो : FIROZABAD
जसराना। जसराना के निजी हॉस्पिटल में भर्ती परिवार के बच्चे को देखने आ रहे बाइक सवार हादसे का शिकार हो गए। नीलगाय से टकराने पर एक युवक की मौत हो गई तो दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर परिजनों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए के लिए भेज दिया। वहीं घायल का उपचार चल रहा है। इधर, टक्कर लगने पर नीलगाय की भी मौत हो गई।
थाना औंछा क्षेत्र के गांव भूमिराजपुर में शुक्रवार सुबह अरविंद को चोट लग गई। परिजनों ने अरविंद को जसराना के निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। शाम को गांव के ही जयश्रीराम का पुत्र संजू (40) एवं रामनरेश का पुत्र संतोष बाइक से देखने जा रहे थे। थाना जसराना क्षेत्र के गांव नगला कलियान के पास अचानक खेतों की ओर से निकली नीलगाय उनकी बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
वहीं नीलगाय की खाई में गिरकर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ लग गई। सूचना पर थाना जसराना पुलिस के साथ परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस घायलों को जसराना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने संजू को मृत घोषित कर दिया। संजू की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाल गिरीश चंद्र ने कहा कि नीलगाय से टकराने पर एक व्यक्ति की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।