हादसे के वक्त मशीन के करीब मौजूद पैरामेडिकल छात्र कृष्णा कुमार, पुष्पेंद्र सिंह और ओटी टेक्नीशियन मानसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। गर्म भाप के थपेड़ों ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। तीनों बुरी तरह झुलस गए।
फिरोजाबाद के सरकारी ट्रॉमा सेंटर के ऑपरेशन थिएटर में मंगलवार दोपहर ऑटोक्लेव मशीन से भाप के साथ गैस लीक हो गई। हादसे में दो पैरामेडिकल छात्र और एक टेक्नीशियन बुरी तरह झुलस गए। ट्रॉमा सेंटर में खलबली मच गई। हादसे के पीछे तकनीकि खामी बताई जा रही है।
विज्ञापन
घटना दोपहर करीब दो बजे की है। ऑपरेशन थिएटर में रूटीन की तरह उपकरणों को स्टरलाइज किया जा रहा था। तभी अचानक तेज आवाज के साथ ऑटोक्लेव मशीन का भारी-भरकम ढक्कन प्रेशर के साथ खुल गया। पलक झपकते ही कक्ष के भीतर गर्म भाप का गुबार फैल गया। हादसे के वक्त मशीन के करीब मौजूद पैरामेडिकल छात्र कृष्णा कुमार, पुष्पेंद्र सिंह और ओटी टेक्नीशियन मानसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। गर्म भाप के थपेड़ों ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। तीनों बुरी तरह झुलस गए। कुछ पल के लिए ओटी गैस चैंबर में तब्दील हो गया था। घायलों की चीखें सुनकर दौड़े स्टाफ ने उन्हें बाहर निकाला।
प्रशासन में खलबली, सीएमएस पहुंचे मौके पर
सुरक्षित माने जाने वाले जोन ओटी में हुए इस बड़े हादसे ने अस्पताल प्रशासन की नींद उड़ा दी है। सूचना मिलते ही सीएमएस डॉ. नवीन जैन टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत घायलों को इमरजेंसी में भर्ती कराया।
विज्ञापन
सवाल जो खड़े हो रहे हैं
इस घटना के बाद कई सवाल भी खड़े हो रहे है। जैसे क्या मशीन की सर्विस में लापरवाही बरती गई थी या फिर स्टीम प्रेशर को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया। सीएमएस नवीन जैन ने बताया कि मामले में तकनीकी जांच के आदेश दिए हैं। हालांकि इस हादसे ने ट्रॉमा सेंटर में काम करने वाले स्टाफ के बीच दहशत पैदा कर दी है।