पीआरवी का वाहन पलटा, तीन पुलिसकर्मी घायल
- गांव लालऊ के समीप शनिवार भोर में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। दक्षिण क्षेत्र गांव लालऊ के पास कुत्ते को बचाने के दौरान पीआरवी टीम का वाहन मार्ग किनारे गड्ढे में जाकर पलट गया। हादसे में तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची दक्षिण थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर ले गई।
हादसा शनिवार अलसुबह करीब चार बजे हुआ। दक्षिण थाने का पीआरवी वाहन संख्या 0651 पर सिपाही तरुनेश चालक के हैं। नरेंद्र कुमार प्रभारी के पद पर तैनात है। इनके साथ ही सिपाही अंकुश शर्मा भी तैनात हैं। तीनों नगला भाऊ चौराहे से गश्त करने के लिए गांव लालऊ जा रहे थे। सिपाही तरुनेश ने बताया कि वह गांव लालऊ के समीप पहुंचे थे। तभी गाड़ी के सामने कुत्ता आ गया। बचाने की कोशिश में गाड़ी का पहिया सड़क के किनारे के गड्ढे में चला गया। पहिया गड्ढे में जाने के कारण वाहन असंतुलित हो गया और गाड़ी पलट गई। हादसे की जानकारी होते ही काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। गाड़ी के अंदर फंसे सिपाहियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष दक्षिण बैजनाथ सिंह का कहना है कि अंधकार होने के कारण गड्ढा दिखाई नहीं दिया था। इससे गाड़ी पलट गई और तीनों सिपाही घायल हो गए।