बाइक सवार दंपती ट्रक की चपेट में आए, महिला की मौत
पति और बेटा गंभीर रूप से घायल, प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। औरंगाबाद से खैरगढ़ जा रहे बाइक सवार दंपती शुक्रवार सुबह जैसे ही एटा- मैनपुरी ओवरब्रिज के बीच पहुंची तभी पीछे ने ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में महिला बाइक से गिर गई और ट्रक के पहिए के नीचे आने से उसकी जान चली गई। वहीं पति और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
औरंगाबाद निवासी अशोक (45) अपनी पत्नी विमलेश (40) और बेटे टीनू (14) के साथ बाइक से खैरगढ़ के गांव कलूपुरा के लिए निकले। एटा-मैनपुरी चौराहे के बीच पहुंचते ही पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया। हादसे में पीछे बैठीं विमलेश उछलकर सड़क पर जा गिरीं और ट्रक का पहिया उनके ऊपर से होकर निकल गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फिरोजाबाद की तरफ भाग गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे और अशोक व टीनू को अस्पताल भेजा। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद पिता-पुत्र को फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने भेज दिया।
उधर, हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। प्रभारी निरीक्षक बोले, मृत महिला के देवर नीलेश की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।