नेजा चढ़ाकर लौट रही बालिका की हादसे में मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
मक्खनपुर(फिरोजाबाद)। परिवार के साथ मटसेना थाना क्षेत्र स्थित बिहड़ वाली माता पर नेजा चढ़ाकर लौट रही बालिका जीप की चपेट में आकर घायल हो गई। परिजन उसको उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर आए। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ही ले गए और शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मक्खनपुर थाना क्षेत्र के गांव गलरई निवासी दिव्या (8) के बाबा राजेंद्र सिंह ग्रामीण और परिजन के साथ शुक्रवार को मटसेना थाना क्षेत्र स्थित बिहड़ वाली माता पर नेजा चढ़ाने के लिए गए थे। लौटते समय गांव से कुछ ही दूरी पर बालिका बैक हो रही जीप की चपेट में आकर घायल हो गई। परिजन बालिका को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष मक्खनपुर महेश कुमार बोले, घटना के बारे में उनको कोई जानकारी नहीं है और न ही पीड़ित परिजन ने बालिका के मरने की सूचना थाने पर दी है। यदि सूचना आती तो शव का पोस्टमार्टम कराकर वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाती।