फतेहपुर सीकरी में मतदेय स्थल का निरीक्षण करते जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह
- फोटो : अमर उजाला
आगरा-फिरोजाबाद एमएलसी सीट के लिए शाम चार बजे तक कुल 98.06 प्रतिशत मतदान हुआ है। प्रशासन की ओर से जानकारी आंकड़ों के अनुसार आगरा के 16 बूथों पर 98.88 और फिरोजबाद के 9 बूथों पर 96.87 प्रतिशत वोट पड़े हैं। शनिवार सुबह आठ बजे तक से मतदान शुरू हुआ था। कड़ी सुरक्षा के बीच शाम चार बजे तक वोट डाले गए।
आगरा में ब्लॉकवार प्रतिशत
आगरा के जगनेर ब्लॉक में सौ प्रतिशत मतदान रहा। यहां 99 में से 99 वोट पड़े। एत्मादपुर ब्लॉक पर एमएलसी के लिए 153 में 151 वोट पड़े। दो लोग नें मतदान नहीं किया। यहां 98:69 फीसदी मतदान हुआ। फतेहपुर सीकरी में 99 फीसदी मतदान रहा। 163 मतदाताओं में से 162 ने वोट डाले। इसी तरह शमशाबाद में 97.32 प्रतिशत मतदान रहा। 187 में से 182 वोट पड़े।
दोनों जिलों के 25 बूथों पर हुआ मतदान
आगरा फिरोजाबाद स्थानीय प्राधिकारी विधान परिषद सदस्य एक पद के लिए दोनों जिलों के 25 बूथों पर मतदान हुआ। भारतीय जनता पार्टी ने विजय शिवहरे और समाजवादी पार्टी ने डॉ. दिलीप सिंह को प्रत्याशी बनाया है। इनके अलावा निर्दल हस्नूराम अंबेडकरी सहित दो अन्य प्रत्याशी भी भाग्य आजमा रहे हैं।
आगरा फिरोजाबाद स्थानीय प्रधिकारी विधान परिषद सदस्य एक पद के लिए मतदान हुआ है। 3922 सदस्य मतदाता हैं। आगरा नगर निगम परिसर में दयालबाग, स्वामीबाग नगर पंचायत के अलावा निगम के पार्षदों ने मतदान किया। जिले में 15 ब्लॉक कार्यालय व निगम कार्यालय में मतदेय स्थल बनाया। मतपत्र से वोट डाले गए।