फिरोजाबाद। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में स्कूटी सवार दंपती सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से एक को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे स्थित सर्विस रोड धनपुरा गांव के पास शनिवार देरशाम टाटा मैजिक ने एक बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ज्वाला प्रसाद की ठार निवासी महेशचंद्र (18) पुत्र लाल सिंह घायल हो गए। महेश चंद्र बाइक से नसीरपुर से गांव जा रहा था। घायल को सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां से उसे आगरा रेफर कर दिया गया। इधर, थाना उत्तर के ककरऊ कोठी के पास ईट मंडी के पास स्कूटी और बाइक में भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार आगरा थाना एत्मादपुर के दलेलनगर निवासी नरसिंहपाल (35) पुत्र सौदान सिंह उनकी पत्नी सीता देवी (32) घायल हो गए। नरसिंह पाल खैरगढ़ स्थित ससुराल में अपनी पत्नी को छोड़ने जा रहे थे। वहीं बाइक सवार भी मामूली रूप से चुटैल हो गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।