फिरोजाबाद। पार्षद मुनेंद्र की अध्यक्षता में पार्षदों की बैठक नगला भाऊ पर आहूत की गई। बैठक में पार्षदों ने स्वच्छ सर्वेक्षण के दौरान शहर में हुए विकास कार्यों की एसआईटी जांच कराने की मांग मुख्यमंत्री से की।
पार्षदों ने कहा स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 शहर को नंबर वन बनाने की प्रक्रिया में 20 दिन में लाखों रुपये होर्डिंग्स, ऐरो, साइनबोर्ड, डस्टबिन आदि पर खर्च किया गया है। नगर निगम द्वारा राज्य वित्त आयोग की धनराशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। पार्षदों ने विकास कार्यों की जांच एसआईटी से कराने की मांग की। पार्षदों ने कहा कि विभागीय कमेटी का गठन आज तक नहीं हुआ। 14वें वित्त आयोग की करोड़ों रुपये की धनराशि से कार्यों की सूची बनाकर टेंडर निकलवाकर वर्क आर्डर देकर कार्य को धीमी गति से कराते हुए पेंडिंग में डाल दिया जाता है। इसके बाद फर्जी एमवी बनाकर भुगतान ठेकेदारों से मिलीभगत करके बंदरबांट कर निगम को चूना लगाया जा रहा है। बैठक में पूर्व सभापति योगेश सिंह शंखवार, भाजपा पार्षग विनीता अग्रवाल, सुभाष यादव, मुन्नेंद्र यादव, राजू गोरख, मायादेवी, रानीदेवी, मोहम्मद इरशाद, शाहजहां बेगम आदि मौजूद रही।