फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र में स्थित एक कैफे पर शनिवार को एक युवती बुर्का पहनकर अपने प्रेमी से मिलने पहुंच गई। युवती व उसके प्रेमी को कुछ युवकों ने पकड़ लिया और प्रेमी की जमकर पिटाई की। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया।
घटना जैन मंदिर के पास महावीर नगर स्थित एक कैफे की है। शनिवार दोपहर एक मोहल्ले की युवती अपनी पहचान छुपाते हुए बुर्का पहनकर अपने प्रेमी से मिलने पहुंची थी। युवती हिंदू समुदाय से है। जैसे ही कुछ युवकों की इसकी जानकारी हुई वे कैफे पर पहुंच गए। प्रेमी जोड़े को रंगे हाथ पकड़ लिया। युवती ने पहले अपने प्रेमी को मुरैना (मप्र) का बताया, जबकि पिटाई होने पर युवक खुद को शहर के ही एक मोहल्ले का निवासी बताने लगा। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि युवती की मुलाकात युवक के ही एक समुदाय विशेष की युवती ने कराई थी। उसी सहेली ने युवती को पहचान छिपाने के लिए काफी समय पहले बुर्का भी दिलाया था। मौके पर मौजूद लोगों ने युवती का बुर्का उतरवाकर उसके बैग में रखवा दिया। इस मामले में थाना प्रभारी दक्षिण, योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।