युवक की मौत के बाद ग्रामीणों एवं परिजन ने एटा शिकोहाबाद मार्ग पर लगा दिया जाम। संवाद
- फोटो : युवक की मौत के बाद ग्रामीणों एवं परिजन ने एटा शिकोहाबाद मार्ग पर लगा दिया जाम। संवाद
जसराना। रविवार सुबह युवक सोनू (18) की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर दो घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रशासन द्वारा दोषियों पर कार्रवाई और आर्थिक सहायता के आश्वासन के बाद ही जाम खुल सका। इधर ग्रामीणों के आरोप के बाद लाइनमैन को हटा दिया गया है। जसराना थाना क्षेत्र के गांव सराय मटियारी निवासी सोनू तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। रविवार सुबह जब वह खेतों से चारा लेकर लौट रहा था, तभी नीचे लटक रहे हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आ गया। उसने इसी वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा दी थी और अपने परिणाम का इंतजार कर रहा था। परिजन ने बताया कि सोनू सेना में भर्ती होकर देश सेवा करना चाहता था और इसके लिए तैयारी भी कर रहा था।
सोनू की मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर जमा हो गए और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला, तहसीलदार रवीश कुमार और सीओ प्रेमप्रकाश पांडेय के समक्ष आरोप लगाया कि कई बार विभाग को नीचे लटकते तारों की शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आरोप है कि क्षेत्र का लाइनमैन तारों को ऊंचा करने के बदले रुपयों की मांग कर रहा था। इसी हठधर्मी और भ्रष्टाचार की भेंट आज एक जिंदगी चढ़ गई। अधिकारियों ने कई बार ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया है। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। दो घंटे से भी अधिक समय लगे जाम के खुलने पर लोगों ने एवं प्रशासन ने राहत महसूस की।