संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद। इटावा-टूंडला पैसेंजर ट्रेन से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शुक्रवार दोपहर गांव नीम खेरिया के समीप हुई। सूचना पर पहुंची आरपीएफ पुलिस घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सक ने स्वास्थ्य परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया।
मक्खनपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला महुआ निवासी शुभम सिंह (30) अपने बड़े भाई दीपक कुमार और मां के साथ जसवंतनगर में रह रहा था। शुक्रवार को वह अपने चाचा वीरेंद्र सिंह की बेटी के टीका-लगन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ट्रेन से मक्खनपुर आ रहा था। गर्मी के कारण वह ट्रेन के दरवाजे के पास बैठ गया था। इसी दौरान उसे झपकी आ गई और वह नीम खेरिया के पास ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर में मातम छा गया।