संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह ने एक पीआरडी महिला जवान को अपना शिकार बनाया है।
थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के आलमपुर कनैटा निवासी चरन देवी से उनके बेटे और दो दामादों को बिजली विभाग में भर्ती कराने के नाम पर 18.30 लाख रुपये हड़प लिए गए।
पीड़िता का आरोप है कि लाइनपार निवासी होरीलाल उर्फ दीपक ने खुद को बड़े पुलिस अधिकारियों का करीबी बताकर विश्वास जीता और फर्जी चयन सूची दिखाकर धोखाधड़ी की।
ठगों को पैसे देने के लिए महिला के पति ने अपनी जमीन बेच दी, रिश्तेदारों से उधार लिया और बेटी के गहने तक गिरवी रख दिए।
ठगी का अहसास होने पर जब पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए न्यायालय की शरण ली।
अब मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर बसई मोहम्मदपुर पुलिस ने होरीलाल, भूदेवी, शिवानी सहित अन्य सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।