हाईस्कूल अंग्रेजी का पेपर छूटा, सिर और चेहरे पर आई चोट
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। हाईस्कूल की अंग्रेजी विषय की परीक्षा देने जा रहे छात्र को तेज रफ्तार ऑटो ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्र बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे एंबुलेंस से सरकारी ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, लेकिन चोट ज्यादा होने के कारण वह परीक्षा नहीं दे सका।
थाना उत्तर क्षेत्र के नगला दखल निवासी मयंक कुमार गौरी शंकर इंटर का छात्र है। उसका परीक्षा केंद्र बलवंत इंटर कॉलेज मटसैना में निर्धारित था। सोमवार सुबह करीब सात बजे वह बाइक से मटसैना स्थित केंद्र के लिए निकला था। मटसैना रोड पर कॉलेज के पास ही एक तेज रफ्तार ऑटो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। हेलमेट पहने होने के बावजूद उसके सिर और चेहरे पर चोट आई है। चचेरे भाई महेंद्र ने बताया कि मयंक अंग्रेजी का पेपर देने जा रहा था, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण परीक्षा छूट गई। उधर, थानाध्यक्ष विमिलेश त्रिपाठी ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।