टूंडला के गांव सलेमपुर नगला खार में पशुवाडे़ में लगी आग को बुझोते ग्रामीणसंवाद
- फोटो : टूंडला के गांव सलेमपुर नगला खार में पशुवाडे़ में लगी आग को बुझोते ग्रामीण संवाद
टूंडला। थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर नगला खार निवासी किसान अशोक कुमार के खेत पर बने पशुबाड़े (घेर) में अचानक विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस हादसे में पीड़ित किसान की झोपड़ी सहित लाखों रुपये के कृषि उपकरण जलकर राख हो गए। गनीमत यह रही कि आग की लपटें और धुआं उठता देख मौके पर दौड़े ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए घेर में बंधे सभी पशुओं को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा अनर्थ होने से बच गया।
ग्रामीणों ने अपने स्तर पर सबमर्सिबल चलाकर, पानी और मिट्टी डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में किसान का इंजन-ट्रॉली, गेहूं काटने वाली मशीन (कटर), फूस और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जल गए, जिसके बाद पीड़ित किसान ने प्रशासन से आर्थिक मुआवजे की गुहार लगाई है। राजा का ताल चौकी प्रभारी शीलेंद्र शर्मा ने बताया कि आग की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई थी, हालांकि ग्रामीणों द्वारा आग पर काबू पा लिए जाने के कारण अग्निशमन टीम को रास्ते में ही रोक दिया गया। संवाद