फिरोजाबाद। जिला मुख्यालय स्थित जिला सहकारी बैंक (डीसीबी) परिसर बुधवार को अखाड़ा बन गया। बैंक के सचिव/महाप्रबंधक और जसराना शाखा के प्रबंधक के बीच दफ्तर के अंदर ही तीखी नोकझोंक के बाद जमकर मारपीट हो गई। जसराना बैंक प्रबंधक लहूलुहान और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर पहुंची थाना मटसैना पुलिस ने अचेत प्रबंधक को जिला अस्पताल भिजवाया। इसके बाद महाप्रबंधक ने जसराना प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में नामजद तहरीर दी है।
मंगलवार को जिला सहकारी बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक मनोज कुमार मौर्य द्वारा जिले के सभी शाखा प्रबंधकों के साथ एक ऑनलाइन समीक्षा बैठक (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) ली गई थी। जसराना सहकारी बैंक के प्रबंधक नवनीत यादव का आरोप है कि इस ऑनलाइन मीटिंग के दौरान जीएम मनोज मौर्य ने उनके व अन्य स्टाफ के साथ बेहद अमर्यादित और अभद्र भाषा का प्रयोग किया था, जिससे सभी प्रबंधक आहत थे। इसी बात का शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराने और अपना पक्ष रखने के लिए बुधवार सुबह 11 बजे जसराना प्रबंधक नवनीत यादव अपनी पत्नी और कुछ अन्य बैंक प्रबंधकों के साथ जिला मुख्यालय स्थित मुख्य कार्यालय पहुंचे थे। मुख्य कार्यालय में सचिव/महाप्रबंधक मनोज कुमार मौर्य और जसराना प्रबंधक नवनीत यादव के बीच बातचीत शुरू हुई, लेकिन देखते ही देखते दोनों के बीच बात इतनी बिगड़ गई कि शब्दों की मर्यादा टूट गई और दोनों में हाथापाई होने लगी।
आरोप है कि जीएम मनोज मौर्य ने गाली-गलौज करते हुए मेज पर रखी पानी की भारी बोतल उठाकर पूरी ताकत से उनके सिर में मार दी। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण चक्कर आ गया और वह अचेत होकर वहीं केबिन की जमीन पर गिर पड़े।
महाप्रबंधक मनोज मौर्य ने कहा - आरोप मनगढंत
मेरे ऊपर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह मनगढ़ंत और बेबुनियाद हैं। जसराना प्रबंधक नवनीत यादव जबरन केबिन में घुसे और मेरे साथ अभद्रता व हाथापाई करने लगे। उन्होंने खुद ही मेज पर रखी बोतल उठाई और ड्रामेबाजी करते हुए अपने ही सिर में मार ली और जमीन पर लेट गए।
एआर को-ऑपरेटिव और मटसैना पुलिस ने संभाला मोर्चा
बैंक के शीर्ष अधिकारियों के बीच दफ्तर के अंदर चल रही इस मारपीट को देखकर बैंक का बाकी स्टाफ और काम से आए उपभोक्ता हक्के-बक्के रह गए। एआर को-ऑपरेटिव सतीश चंद्र और थाना मटसैना का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित किया और जमीन पर अचेत पड़े प्रबंधक नवनीत यादव को जिला अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दी गई।
जसराना प्रबंधक निलंबित, दोनों ओर से पुलिस को तहरीर
इस विवाद के बाद जिला सहकारी बैंक के सचिव/महाप्रबंधक मनोज कुमार मौर्य ने प्रशासनिक कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम से जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष को अवगत करा दिया गया है। घोर अनुशासनहीनता, उच्चाधिकारी से मारपीट और दफ्तर का माहौल खराब करने के आरोप में जसराना बैंक प्रबंधक नवनीत यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
थाने पहुंचा मामला
अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद प्रबंधक नवनीत यादव ने सचिव महाप्रबंधक के खिलाफ जानलेवा हमला करने और अभद्रता की तहरीर मटसैना थाने में दी है। वहीं दूसरी ओर से सचिव मनोज मौर्य ने भी सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट करने के आरोप में नवनीत यादव के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ सदर तेजस त्रिपाठी का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर मिल चुकी है, बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जांच के आधार पर विधिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।