जसराना कस्बे में बिजली चेकिंग को पहुंची टीम। संवाद
- फोटो : जसराना कस्बे में बिजली चेकिंग को पहुंची टीम। संवाद
जसराना। कस्बा जसराना और आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह विद्युत विभाग की टीम ने विभिन्न मोहल्लों में सघन चेकिंग और सर्वे अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने कुल 10 परिसरों में बड़े पैमाने पर विद्युत चोरी पकड़ी, जिसके खिलाफ संबंधित एंटी थेफ्ट विद्युत थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। विद्युत वितरण उपखंड जसराना के निर्देशों पर टीम ने राजू नगर, मोहल्ला बेलमपुरी, मोहल्ला कूंचा एवं मोहल्ला पोतपुरी में दस्तक दी। टीम का मुख्य फोकस उन उपभोक्ताओं पर था जिनके कनेक्शन पूर्व में काटे जा चुके थे या जिनके बिलों में शून्य खपत आ रही थी।
जांच के दौरान उपभोक्ताओं द्वारा बिजली चोरी के लिए अपनाए गए कई शातिर तरीके सामने आए, जिनमें मुख्य लाइन से डायरेक्ट केबल डालना, स्वीकृत मीटर को बाईपास करना और सार्वजनिक स्ट्रीट लाइट के तारों से सीधे कटिया डालना शामिल था। चेकिंग टीम ने मौके पर वीडियोग्राफी कराते हुए सभी अवैध केबल और उपकरणों को जब्त कर लिया। इस चेकिंग टीम में जसराना टाउन के अवर अभियंता बलराम गुप्ता, प्रभारी अवर अभियंता संजीव कुमार, सौरभ राजपूत तथा संविदा कर्मी विकास कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे।