टूंडला। रेलवे के द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय स्थित टिकट विंडो पर रेलयात्रियों को गर्मी का दंश झेलना पड़ रहा है। रेलयात्रियों की सुविधाओं को स्थानीय अधिकारी अनदेखा कर रहें हैं। इसके चलते भीषण गर्मी में रेलयात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
टूंडला रेलवे स्टेशन प्रमुख स्टेशनों में से एक हैं। यहां प्रतिदिन 10 से 15 हजार रेलयात्री आवागमन करते हैं। टिकट लेने वाली महिला व पुरुषों को भीषण गर्मी में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। भीड़ के चलते यात्री पसीने में तर-बदर हो रहे हैं। रेलवे यूनियन के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष एनपी सक्सेना, मेंस यूनियन के पूर्व शाखा अध्यक्ष योगेंद्र सिसोदिया, डॉ बीपी पोनियां, सुरेंद्र सिंह यादव, रुस्तम सिंह सिसोदिया आदि ने टिकट विंडो पर पंखा लगाने की मांग की है।
टिकट एटीवीएम पर कोई पंखा नहीं है, भीषण गर्मी में भीड़ के चलते टिकट लेना एक युद्ध लड़ना जैसा रहा है। रेलवे को इस ओर ध्यान देना चाहिए। - रमेश चंद्र-रेलयात्री
कई स्टेशनों से यात्रा की है, किंतु टूंडला जैसी बदहाली नहीं मिली। यहां टिकट विंडो पर एक भी पंखा नहीं है। बुजुर्ग व बीमार यात्री का टिकट लेकर यात्रा करना बेहद मुश्किल है। - अनूप मिश्रा- रेलयात्री