टूंडला स्टेशन से उपचार के लिए रेलयात्री को ले जाती पुलिस संवाद
टूंडला। भीषण गर्मी और भीड़ के बीच रेलयात्री ट्रेन के दरवाजे पर बैठकर यात्रा करते हुए लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। बुधवार शाम को भी कोच के पायदान पर पैर रखकर यात्रा कर रहे एक यात्री का पैर प्लेटफार्म से टकराकर पंजा कट गया तथा प्लेटफार्म पर गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल भेजा है।
राजस्थान के बाड़मेर निवासी कैलाश चंद्र ट्यूब-बल्ब का काम करते हैं। व्यापार के सिलसिले में वे बिहार के रविगंज गए थे। बुधवार को हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस से जनरल कोच से यात्रा कर रहे थे। ट्रेन के पीछे छोर से तीसरे जनरल कोच के दरवाजे पर पायदान पर पैर रखकर बैठकर मोबाइल चला रहे थे। इसी बीच टूंडला स्टेशन का प्लेटफार्म आ गया तथा उनका पैर टकराने से वे प्लेटफार्म पर गिर गए।
गनीमत रही इस बीच ट्रेन लगभग रुकने वाली थी। हादसे में उनके दाएं पैर की चारों उंगलियां कट गईं। सूचना पर पहुंची रेलवे चिकित्सीय टीम ने प्राथमिक उपचार देकर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। बताते चलें कि पायदान पर यात्रा करते हुए हर दूसरे दिन ट्रेन से गिरकर यात्री घायल हो रहे हैं अथवा उनकी मौत हो रही है।