अभी जनता को कुछ दिन और बिजली संकट झेलना पड़ेगा। बेहतर आपूर्ति देने के लिए विद्युत विभाग द्वारा कराया जा रहा क्षमता वृद्धि कार्य 13 दिसंबर तक पूर्ण होने की उम्मीद है। हालांकि यह कार्य गुरुवार तक पूर्ण होना था, लेकिन काम देर से शुरू होने के कारण पूरा होने में भी अधिक समय लग रहा है।
सुहागनगरी में गर्मी और सर्दी में जनता को अघोषित कटौती का सामना करना पड़ता है। इसका प्रमुख कारण था कि आसफाबाद 220 विद्युत उपसंस्थान पर स्थापित 100 एमवीए के तीन ट्रांसफार्मरों से आपूर्ति की जाती है। ओवरलोडिंग के चलते फीडर काट-काटकर चलाने पड़ते हैं, ऐसे में घंटों तक कटौती की जाती है। यह समस्या नगर विधायक मनीष असीजा ने विधानसभा में उठाया था। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद मुंबई से 30 नवंबर को 160 एमवीए का ट्रांसफार्मर फीरोजाबाद को उपलब्ध करा दिया गया था। अब ट्रांसफार्मर को स्थापित कराने के लिए एक से दस दिसंबर तक रोस्टरवाइज आपूर्ति दी जा रही है। यह कार्य दस दिसंबर तक पूर्ण होना था। विद्युत विभाग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि आसफाबाद स्थित 220 विद्युत उपसंस्थान पर क्षमता वृद्धि का कार्य अभी 80 प्रतिशीत पूर्ण हो सका है। ऐसे में कार्य पूर्ण होने में कुछ समय और लगेगा। सूत्रों के अनुसार क्षमता वृद्धि कार्य 13 दिसंबर तक पूर्ण होने की संभावना है।
अभी 160 एमवीए का एक और आएगा ट्रांसफार्मर
जनपद में सुचारु आपूर्ति के लिए आसफाबाद पर क्षमता वृद्धि का कार्य कराया जा रहा है। इसके उपरांत आसफाबाद पर 100 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर रह जाएंगे। इसके स्थान पर भी 160 एमवीए का ट्रांसफार्मर और लगवाया जाएगा। इसके लिए नगर विधायक मनीष असीजा ने प्रमुख सचिव संजय अग्रवाल को पत्र भेजा है। दूसरा ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद बिजली संकट काफी हद तक दूर हो जाएगा।