बाइक धीमे चलाने की बोलते ही कार सवार और बाइक सवार युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव शुरू हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में किया।
फिरोजाबाद थाना उत्तर क्षेत्र में शनिवार देर रात एक हॉस्पिटल के बाहर मामूली कहासुनी ने अचानक उग्र रूप ले लिया। बाइक धीमे चलाने की बोलते ही कार सवार और बाइक सवार युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव शुरू हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में किया।
विज्ञापन
थाना उत्तर क्षेत्र के बोद्याश्रम रोड स्थित एक हॉस्पिटल में शनिवार रात कार से एक परिवार के लोग अपने मरीज को देखने आए थे। कार से उतरकर महिलाएं सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान बोद्याश्रम रोड की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार दो युवक एक महिला से टकरा गए होते। कार सवार लोगों ने बाइक सवार युवकों से धीमे गाड़ी चलाने को कहा तो वे उग्र हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बाइक सवार युवकों ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया।
कुछ ही देर में दम्मामल नगर और बोद्याश्रम क्षेत्र से कई युवक मौके पर पहुंच गए और कार सवार लोगों को घेर लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। हंगामे की जानकारी मिलने पर हॉस्पिटल में मौजूद कार सवारों के परिजन भी बाहर आ गए और उन्होंने भी बाइक सवार युवकों के साथियों को खदेड़ना शुरू कर दिया।
विज्ञापन
इसी बीच दम्मामल नगर की ओर से आए कुछ युवकों ने ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रात का अंधेरा होने के कारण किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं राहगीर जान बचाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस के पहुंचने के बाद ही स्थिति शांत हो सकी। हंगामे के दौरान कुछ दुकानदारों के बाहर नाले पर रखी पटियाओं को भी भीड़ ने तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।