फीरोजाबाद। अक्तूबर का प्रथम सप्ताह कारोबारियों की मुसीबत बढ़ाएगा। एक से सात अक्तूबर तक चार दिन बैंक बंद रहेंगी, जबकि पांचवां दिन शनिवार होगा। इसके कारण चेक किलियरेंस नहीं होने के कारण भी करोड़ों की धनराशि अटक जाएगी। एटीएम भी खाली रहेंगे। उद्यमियों ने अभी से व्यवस्था करनी भी शुरू कर दी है।
अक्तूबर माह के पहली तारीख को बैंक खुलेंगी, लेकिन दो अक्तूबर को गांधी जयंती और तीन अक्तूबर दुर्गा नवमी होने के कारण बैंकों में कामकाज नहीं होगा। चार को शनिवार होने के कारण बैंक में आधे दिन ही कामकाज होगा। दो दिन की बंदी के कारण बैंकों पर वैसे ही काम का लोड अधिक होगा। पांच अक्तूबर को रविवार है तो वहीं छह अक्तूबर को ईद-उल-अजहा का अवकाश रहेगा।
लगातार छुट्टी उन कारोबारियों के लिए मुसीबत बढ़ाने का काम करेगा जो लाखों रुपया का ट्रांजेक्शन प्रतिदिन करते हैं। लाखों के चेक किलियरेंस में लगे रहते हैं। हालांकि सरकारी बंदी से बचने को काफी संख्या में कारोबारियों ने अपने खातों के संचालन प्राइवेट बैंकों में करना शुरू कर दिया है। परंतु चेक किलियरेंस हाउस एसबीआई में होने के कारण यह काम तो प्रभावित होगा। एसबीआई किलियरेंस को देखने वाले डा. विनोद जैन कहते हैं कि प्रतिदिन करीब दो से ढाई हजार के करीब चेक किलियरेंस को आ जाते हैं। चार दिन में करीब 60 से 70 करोड़ की धनराशि अटकने की संभावना है। परंतु बैंक अथॉरिटी उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखकर कुछ बदलाव कर सकती है।