फीरोजाबाद। गर्भवती महिलाओं व नवजात से दो वर्ष तक के बच्चों के टीकाकरण के लिए विशेष अभियान 26 से 31 मई तक चलाया जाएगा। इसके लिए टीमों का गठन करने के साथ ही निर्देश दिए हैं।
कलक्ट्रेट सभागार में स्पेशल टीकाकरण सप्ताह के संबंध में जिला स्तरीय टास्कफोर्स की बैठक एडीएम कर्मेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई। एडीएम ने कहा कि टीकाकरण सप्ताह की सफलता के लिए ग्राम प्रधान एवं वार्ड स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाए। विशेष सप्ताह में नवजात से दो वर्ष तक के बच्चे एवं धात्री महिलाओं को टीका लगाया जाएगा। सीएमओ डा. एनएल यादव ने कहा कि हाईरिस्क एरिया में घुमंतु परिवार, मलिन बस्ती, ईंट-भट्ठा एवं निमार्णाधीन स्थल, दूरस्थ स्थल एवं नदी किनारे निवास कर रहे परिवारों, अल्पसेवित समुदाय के शून्य से दो वर्ष तक के बच्चों की सूची बना लें। एक भी बच्चा अभियान में छूटने नहीं पाए। सभी स्वास्थ्य इकाई को इसमें सहयोग करना होगा। ब्लाक स्तर पर समन्वयक सभी विभागों के साथ बैठकें करें। सीडीपीओ के साथ ही उनके अधीनस्थ काम करने वाली सुपरवाइजरों से सहयोग लिया जाए। वह क्षेत्रों के लाभार्थियों की सूची तैयार कर अपने क्षेत्रों में हो रहे टीकाकरण स्थल पर सूची के आधार पर आच्छादित कराने का काम करें ताकि शतप्रतिशत टीकाकरण हो सके। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एसके एस राना, एसएमओ डा.तनवीर सहित अन्य चिकित्सक मौजूद थे।