फीरोजाबाद। दीपावली पर रोशनी के साथ बंपर धूम धड़ाका भी होगा। आतिशबाजी का बाजार सज गया है। आसमानों में पटाखों से सतरंगी छठा बिखेरी जाएगी। इस बार बाजार में बल्ले बल्ले और एक हजार स्काई शॉट वाले पटाखों की खास मांग है। पिछले चार वर्षों से चल रही सीता गीता की मांग इस बार भी कम नहीं हुई है। गांधी पार्क के सामने मैदान में पटाखा बाजार सजा है।
पटाखा बाजार को इस बार करीब दो करोड़ से ज्यादा के कारोबार की उम्मीद है। हालांकि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष पटाखा बाजार में करीब 15 से 20 फीसदी महंगाई बढ़ी है लेकिन त्योहार में लोग खरीदारी भी खूब कर रहे हैं।
पटाखा विक्रेता गर्ग इंटरप्राइजेज के संचालक बंटी का कहना है कि इस बार बल्ले बल्ले नाम का पटाखा मार्केट में नया है। कीमत 30 से 450 रुपये तक है। इसके साथ ही गुलाल का भी धमाका रहेगा। जो पहले तीन तरह के गुलाल छोड़ेगा, इसके बाद अनार का काम करेगा। वहीं गांधी पार्क में दुकान लगाये शशांक सारस्वत का कहना है कि उनके यहां बटर फ्लाई, 5000 वाल्स नाम के पटाखे हैं। जिनकी बाजार में डिमांड है।
स्काई शाट यानि जमीन से सैकड़ों फीट ऊपर यह पटाखे रोशनी बिखेरेंगे। इस बार मार्केट में 1000 स्काई शाट के नाम से पटाखा आया है। जो 1000 बार रंग बदलते हुए गरजेगा। वहीं पटाखों के गिफ्ट पैक भी हैं। इसमें चार से छह तरह के पटाखे हैं। जिनकी कीमत 600 से 4000 रुपये तक है।
किन दामों में मौजूद हैं पटाखे
राकेट - 30- 400 रुपये तक
वेब - 50- 350 रुपये तक
सीता गीता टू इन वन- 70 रुपये
किट कैट - 70 रुपये
स्काई शाट - 100 - 14000 रुपये तक
गुलाल - 40 रुपये
बल्ले बल्ले - 450 रुपये
सिल्वर रोशनी- 100 रुपये
टाप टेन - 360 रुपये