फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चरनसिंह बने टूंडला ब्लाक प्रमुख

Thu, 31 Oct 2013 05:38 AM IST
Firozabad
विज्ञापन
विज्ञापन
टूंडला। ब्लाक प्रमुख पद के उपचुनाव के लिए बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हुआ। दोनों ही प्रत्याशियों की बीच कांटे की टक्कर रही। चुनाव परिणाम आने पर जिलाधिकारी संध्या तिवारी द्वारा सपा समर्थित प्रत्याशी चरन सिंह बाबा को छह मतों से विजयी घोषित किया गया। जबकि छह मत रद्द कर दिए गए। दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच झड़पें होती रहीं।
विज्ञापन

गौरतलब है कि पूर्व ब्लाक प्रमुख हनुमंत सिंह बघेल के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पास होने के बाद से ब्लाक प्रमुख का पद रिक्त चल रहा था। मामला कोर्ट में होने पर इस पद पर वोटिंग कराते हुए कार्यवाहक पद के रूप में बीडीसी चरन सिंह को नियुक्त कर दिया था। निर्वाचन आयोग द्वारा उपचुनाव की घोषण होने पर बुधवार को ब्लाक सभागार में ब्लाक प्रमुख पद के लिए मतदान कराया गया।
सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान कराया गया। इसके बाद जिलाधिकारी संध्या तिवारी और पुलिस अधीक्षक डा. राकेश कुमार सिंह की मौजूदगी में मतगणना कराई गई। 3.30 बजे चुनाव परिणाम घोषित कर सपा के चरन सिंह बाबा को विजयी घोषित कर दिया। जिलाधिकारी ने बाबा को प्रमाण-पत्र प्रदान किया। चरन सिंह की जीत की घोषणा होते ही समर्थकों ने मिठाई बांट एक दूसरे को बधाई दी।
विज्ञापन


महिला बीडीसी को खींच कर ले गए
टूंडला। दोपहर एक बजे करीब एक पक्ष द्वारा अपने सदस्यों को मतदान के लिए भेजा था। इनमें महिला बीडीसी गुड्डी देवी पत्नी नेहना नट निवासी नगला सदा भी थी। जैसे ही वह गाड़ी से उतरकर वोट डालने जाने लगी। तभी दौड़कर पहुंचे दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें जबरन खींच लिया। यह देख दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया। देखते ही देखते दोनाें पक्ष भिड़ गए। एडीएम व एसडीएम व पुलिस ने पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठी फटकारी। खींचतान में बीडीसी का झुमका सड़क पर गिर गया। महिला कहां गयी, इसकी पुलिस ने तहकीकात नहीं की। बताया जाता है कि एक पक्ष ने बीडीसी को अपने पक्ष में कर लिया था। जबकि उसके पति को दूसरे पक्ष ने अपने कब्जे में कर लिया था। जब वह मतदान करने वह पहुंची तो उसके पति व अन्य उसे वहां से जबरन ले गए। इससे वह मतदान नहीं कर पाई। सीओ केहरसिंह राना ने बताया कि महिला को उसका पति ही खींचकर ले गया है।

चुनाव के दौरान सपा में दिखी गुटबाजी
चुनाव प्रक्रिया के दौरान सपा में गुटबाजी खुलकर दिखाई दी। एक तरफ जहां आधे सपाई चरन सिंह बाबा की तरफ थे तो वहीं आधे सपाई अमित चौधरी के खेमे में दिखाई दिए।

फीरोजाबाद सर्विस रोड रहा बंद
चुनाव प्रक्रिया के दौरान एक तरफ का सर्विस रोड पूरी तरह से बंद कर दिया गया। इसके चलते सर्विस रोड से होकर निकलने वाले लोगों को घूमकर निकलना पड़ा। साइकिल वालों तक के साथ पुलिसकर्मियों ने अभद्र व्यवहार किया।

आचार संहिता का हुआ उल्लंघन
मतदान के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन होता दिखाई दिया। एक प्रत्याशी के पक्ष के बीडीसी जयश्रीराम के दुपट्टे डालकर मतदान करने पहुंचे। इसे लेकर दूसरे प्रत्याशी के समर्थकों ने नाराजगी जताते हुए आचार संहिता का उल्लंघन बताया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें