फीरोजाबाद। मतदाताओं को जागरूक करने के लिए मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र हाजीपुरा स्थित हिंदी पब्लिक स्कूल में मंगलवार को मतदाता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 नवंबर किए जाने की जानकारी दी गई।
शिविर में डीएम संध्या तिवारी ने बताया कि मतदाता पुनरीक्षण की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर थी। लेकिन अब निर्वाचन आयोग ने इसे बढ़ाकर 15 नवंबर कर दिया है। उन्होंने बताया कि आगामी 10 नवंबर को हर बूथ पर पुनरीक्षण मतदाता शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के दौरान हर बूथ पर बीएलओ के साथ प्रशासनिक कर्मचारी और अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। अधिकारी नए मतदाताओं की समस्या का निस्तारण भी करेंगे। उन्होंने बताया कि एक नवंबर से बीएलओ मतदाताओं के घर घर जाकर वोट बनाने और समस्या निस्तारण का काम करेंगे। मतदाता जागरूकता अभियान के दौरान लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बीएलओ के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
औद्योगिक क्षेत्र में आज लगेगा शिविर
एसडीएम सदर ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में मतदाता जागरूकता शिविर का आयोजन कल, 30 अक्तूबर को किया जाएगा। शिविर के माध्यम से श्रमिकों को मतदान के लिए जागरूक करने के साथ ही उनके वोट बनवाने का काम किया जाएगा। शिविर का उद्घाटन डीएम संध्या तिवारी द्वारा किया जाएगा।
ग्रामीणों ने भरी हुंकार, विकास नहीं तो वोट नहीं
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। ग्राम मुईउद्दीनपुर के ग्रामीण जनप्रतिनिधियों से आक्रोशित हैं। ग्रामीणों ने आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर विकास नहीं तो वोट नहीं का ऐलान कर दिया है।
ग्राम मुईउद्दीनपुर में आहूत बैठक में विक्रम सिंह ने कहा कि पिछले कई सालों से गांव में विकास के नाम पर एक ईंट नहीं लगी है। गांव का विकास न होने से ग्रामीणों को परेशानी होती है। लोकसभा का चुनाव हो अथवा विधानसभा का। प्रत्याशी वोट मांगने आते हैं, समस्याओं से रूबरू भी होते हैं लेकिन चुनाव जीतने के बाद कोई भी गांव में झांकता भी नहीं है। बैठक में निर्णय लिया गया कि जब तक गांव का विकास नहीं होगा, तब तक किसी भी पार्टी को वोट नहीं दिया जाएगा। जो पार्टी विकास कराएगी, उसके पक्ष में मतदान किया जाएगा। इस दौरान चंद्राल बघेल, नेमी प्रजापति, डोरीलाल, गब्बर सिंह, हरी सिंह, रोशनलाल, धर्मपाल सिंह जाटव, सरपंच, राम यादव, राजाराम, जगत सिंह आदि मौजूद थे।