फीरोजाबाद। थाना नारखी के ग्राम कायथा में अपनी ससुराल आए युवक ललित गुप्ता की उससे साले नीरू ने अपने साढ़ू प्रशांत के साथ मिलकर हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों शव को गांव के बाहर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि पांच लाख रुपये कीमत के आभूषण हड़पने के विवाद में यह घटना की गई।
ललित गुप्ता हाथरस के थाना सिकंदराराऊ के गांव अदसौली का रहने वाला था और फीरोजाबाद के थाना नारखी के गांव कायथा में उसकी ससुराल थी। वह मंगलवार को हाथरस से अपने साले नीरू के बेटे के नामकरण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया था। बुधवार की सुबह उसका शव गांव कायथा के बाहर एक खेत में पड़ा मिला। उसकी गोली मारकर हत्या की गई थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक लैपटॉप का बैग, कपड़ों के साथ मोबाइल, पर्स और शराब का क्वार्टर भी बरामद किया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता भूरी सिंह गुप्ता ने नीरू और प्रशांत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने थाने पर दर्ज रिपोर्ट में कहा है कि ललित के ससुरालीजनों ने शादी के बाद उसके पांच लाख रुपये के आभूषणों को दबा लिया था। इसे वापस देने के लिए कई बार पंचायतें भी हुई थीं। दीपावली के बाद इन्होंने आभूषणों वापस करने की बात कही थी। साले नीरू गुप्ता ने अपने बेटे के नामकरण संस्कार के बहाने ललित को बुलाया और अलीगढ़ गांव छैंकुरी निवासी अपने साढ़ू प्रशांत गुप्ता के साथ मिलकर ललित की हत्या कर दी। थानाध्यक्ष नारखी ने बताया कि कसबा फरिहा में तीनों ने एक साथ मिलकर शराब पी। इसके बाद ललित की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों तभी से फरार हैं।