मंदिर के सेवायत रंग और प्रसाद की बारिश
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद। होली के त्योहार का रंग बाजार पर चढ़ने लगा है। होली खेलने के लिए बच्चे, युवा अपनी मनपसंद की पिचकारी, गुलाल, स्प्रे, कैप व अन्य आइटमों की खरीदारी में जुटे हैं। बाजार में 50 रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक पिचकारी उपलब्ध हैं।
होली मस्ती व रंगों का त्योहार है। होली के दिन हर कोई एकदूसरे को रंग से सराबोर करने को आतुर रहता है। इस बार 21 मार्च को होली खेली जाएगी। होली के त्योहार के लिए भी बाजार भी पूरी तरह सज गया। इस बार बाजार में स्वदेशी पिचकारियों की बहार है।
होली के त्योहार के लिए बाजार में हर किसी के हिसाब से पिचकारियां उपलब्ध हैं। बाजार में स्पाइडरमैन, डोरे मोहन, छोटा भीम, वैंटेनगन वाली पिचकारी 50 रुपये से 300 रुपये तक मौजूद हैं। म्यूजिकल लाइट गन 250 रुपये की है। जिसके चलाने पर संगीत के स्वर निकलेंगे। टैंक वाली वाटर गन 550 रुपये से 800 रुपये तक उपलब्ध है। बाजार में एके 47 गन की पिचकारी भी उतारी गई है, इसकी कीमत 700 से 800 रुपये तक है।
होली के त्योहार के लिए बाजार में आकर्षक पिचकारी के साथ मलिंगा के बाल, बुढ़िया व भूत का चेहरा बच्चों को खूब भा रहा है। आकर्षक चश्मे, मूंछों के साथ फनी मास्क भी मौजूद हैं, जिसे छूने से करंट का अहसास होगा। होली के त्योहार की खरीदारी शुरू होने से व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं। उनका कहना है कि पिछले साल की अपेक्षा इस बार अच्छी बिक्री हो रही है।