संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद जिले में स्कूल चलो अभियान के तहत नामांकन बढ़ाने में 472 परिषदीय स्कूलों की प्रगति बेहद धीमी रही है। इन स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों ने 30 या उससे कम नए नामांकन ही किए हैं। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा की, जिसमें यह लापरवाही सामने आई। डीएम के निर्देश पर बीएसए आशीष कुमार पांडेय ने संबंधित स्कूलों के स्टाफ को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में छात्र संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया है।
जिले में कुल 1827 परिषदीय स्कूल संचालित हो रहे हैं, जिनमें शैक्षिक सत्र 2024-25 की शुरुआत में 1.32 लाख छात्र नामांकित थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 1 अप्रैल से नया शैक्षिक सत्र प्रारंभ होते ही आउट-ऑफ-स्कूल बच्चों को विद्यालय में जोड़ने के उद्देश्य से स्कूल चलो अभियान शुरू किया गया था। इस अभियान के तहत शिक्षकों ने रैलियां निकालकर अभिभावकों को जागरूक किया और 30 अप्रैल तक 14 हजार से अधिक बच्चों का नामांकन कराया गया। लेकिन कई स्कूलों में इस दिशा में ठोस प्रयास नहीं किए गए। बीएसए ने बताया कि इन सभी स्कूलों के स्टाफ को नोटिस जारी कर स्पष्ट किया गया है कि यदि एक सप्ताह में नामांकन में सुधार नहीं हुआ, तो उनके वेतन पर रोक लगाई जाएगी।
स्कूलों की संख्या इस प्रकार है:
अरांव ब्लॉक: 58
एका ब्लॉक: 104
फिरोजाबाद ब्लॉक व नगर क्षेत्र: 23
जसराना: 61
खैरगढ़: 54
मदनपुर: 67
नारखी: 27
शिकोहाबाद व नगर क्षेत्र: 43
टूंडला: 27